स्वच्छता-निर्माण कार्यों के लिए दिए कड़े निर्देश
बिहारशरीफ (नालंदा). नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन ने बुधवार को शहर के वार्ड नंबर 6 एवं 7 का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने वार्ड के विभिन्न मोहल्लों में साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया और घर-घर कूड़ा संग्रहण व उठाव की स्थिति देखी. नगर आयुक्त ने कचरा डंपिंग पॉइंट का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्था परखी. इसके अलावा वार्डों में चल रही नल-जल योजना और नाले के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्वच्छता बनाए रखने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त शम्स रजा, सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी तथा नगर निगम की स्वच्छता एवं इंजीनियरिंग टीम के अधिकारी मौजूद रहे. नगर आयुक्त ने कहा कि शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए जमीनी स्तर पर काम दिखना चाहिए. इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी.









