प्रधानाध्यापक को बच्चों ने ताज पहनाकर किया सम्मानित
आग लगी तो बचाव’ विषय पर हुई पेंटिंग प्रतियोगिता
सरमेरा (नालंदा). प्रखंड सरमेरा स्थित मनोरंजन मध्य विद्यालय, चेरो में शिक्षक दिवस समारोह बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में उत्कृष्ट सेवा देने वाले 8 शिक्षकों को ‘विद्यालय अनमोल रत्न अवार्ड-26′ से सम्मानित किया गया। इसकी जानकारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो. नकी हसन अय्यूबी ने दी। उन्होंने बताया कि शिक्षक दिवस के मौके पर विद्यालय के हर वर्ग में केक काटा गया और भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया गया।

समारोह के दौरान बच्चों ने प्रधानाध्यापक मो. नकी हसन अय्यूबी को चंदन का टीका लगाकर और ताज पहनाकर सम्मानित किया, जिसे देख पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा।
आपदा प्रबंधन पर पेंटिंग प्रतियोगिता
प्रधानाध्यापक ने बताया कि इस अवसर पर आपदा प्रबंधन एवं शिक्षा विभाग के आदेशानुसार ‘आग लगे तो बचाव कैसे करें’ विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें बच्चों ने आग से बचाव के तरीकों को अपनी चित्रकला के माध्यम से बखूबी दर्शाया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक ने सभी शिक्षकों और छात्रों को शिक्षक दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इन शिक्षकों को मिला अनमोल रत्न अवार्ड
विद्यालय में उत्कृष्ट योगदान के लिए सतीश प्रसाद, सर्वोत्तम कुमार, पुरुषोत्तम विश्वास, चंद्रशेखर रविदास, लालजी कुमार, मोनी कुमारी, शंभू कुमार एवं चंद्र प्रकाश को ‘विद्यालय अनमोल रत्न अवार्ड-26’ के तहत प्रशस्ति-पत्र और राशि देकर सम्मानित किया गया।
वहीं पेंटिंग प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली छात्रा लक्ष्मी कुमारी, ज्योति कुमारी और शंटू कुमार को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।









