एकीकृत कृषि प्रणाली के विभिन्न घटकों से होंगे अवगत
30 अक्टूबर से शुरू हुआ छह दिवसीय प्रशिक्षण
बिहारशरीफ. नालंदा जिले के 30 प्रगतिशील किसानों का एक दल एकीकृत कृषि प्रणाली का प्रशिक्षण लेने के लिए गोपालगंज रवाना हुआ. कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), नालंदा के परियोजना के उप निदेशक धनंजय कुमार सिंह ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि राज्य के अंदर कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत किसानों को कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), गोपालगंज भेजा गया है. उन्होंने बताया कि यह छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 30 अक्टूबर से शुरू हो रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य किसानों को खेती के साथ-साथ पशुपालन, मत्स्यपालन, बागवानी और अन्य कृषि आधारित गतिविधियों को अपनाकर आमदनी बढ़ाने के गुर सिखाना है.
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ किसानों को एकीकृत कृषि प्रणाली के विभिन्न घटकों, उनके समन्वित संचालन, संसाधनों के बेहतर उपयोग और कम लागत में अधिक उत्पादन लेने की उन्नत तकनीकों की जानकारी देंगे. किसानों के इस दल के साथ टीम लीडर के रूप में गौरव कुमार, सहायक तकनीकी प्रबंधक (एटीएम), इस्लामपुर भी रवाना हुए हैं. आत्मा, नालंदा का यह प्रयास जिले के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.








