जन-सुनवाई में 36 फरियादियों की सुनीं शिकायतें
ऑन-द-स्पॉट दिए सख्त निर्देश, लापरवाही बर्दाश्त नहीं
बिहारशरीफ (नालंदा)। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिलाधिकारी उदिता सिंह बुधवार को एक्शन मोड में दिखीं। जन-सुनवाई के दौरान उन्होंने सुदूर प्रखंडों व पंचायतों से पहुंचे 36 फरियादियों से सीधा संवाद कर उनकी शिकायतें बेहद संवेदनशीलता से सुनीं। साथ ही संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए मौके पर ही सख्त निर्देश जारी किए। जमीन बिक्री के बावजूद विपक्षी पार्टी द्वारा सरकारी मापी के बाद लगाए गए पिलर को उखाड़ने के मामलों में डीएम ने एसडीओ व एसडीपीओ सदर, बिहारशरीफ को मौके पर शांति-व्यवस्था बनाए रखते हुए निष्पक्ष समाधान निकालने का आदेश दिया। जन-सुनवाई में भूमि विवाद व राजस्व से जुड़ी कई पेचीदा शिकायतें सामने आईं। जमाबंदी निरस्त करने से जुड़े मामलों पर जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को अभिलेखों की गहन जांच कर समयबद्ध निष्पादन करने को कहा।
अतिक्रमण पर तत्काल कार्रवाई :
आम रास्ते पर अतिक्रमण कर आवागमन बाधित करने की शिकायत पर भी लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को अविलंब कार्रवाई करते हुए रास्ता अतिक्रमण-मुक्त कराने के निर्देश दिए गए।जन-सुनवाई में आए अन्य सभी आवेदनों को भी संबंधित विभाग के अधिकारियों को हस्तांतरित किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी









