सुधा कैफेटेरिया व पेट्रोल पंप का भी शिलान्यास
300 खुदरा विक्रेताओं को मिलेगा डीप फ्रीजर
रणजीत. Mob. 8789449308.
बिहारशरीफ (नालंदा)। बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के तत्वावधान में कल 27 जुलाई को सुबह 11 बजे बिहारशरीफ डेयरी प्रोजेक्ट परिसर में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर बिहार के माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नालंदा जिले में 20 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता वाले दही एवं लस्सी प्लांट का शिलान्यास करेंगे। यह प्लांट जिले में दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम के दौरान कॉम्फेड द्वारा संचालित एच.पी.सी.एल. पेट्रोल पंप एवं सुधा कैफेटेरिया का भी शिलान्यास किया जाएगा। साथ ही पशु उठाव एवं परिवहन वाहन का लोकार्पण और जिले के 300 खुदरा विक्रेताओं के बीच डीप फ्रीजर का वितरण किया जाएगा। इससे दुग्ध उत्पादों के सुरक्षित भंडारण और विपणन को मजबूती मिलेगी।कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं विजेन्द्र प्रसाद यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नन्द किशोर राम करेंगे। इस मौके पर जिले के सांसद, विधान परिषद एवं विधानसभा के सदस्यगण, अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक किसान और सहकारी समितियों के सदस्य भी मौजूद रहेंगे।विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना नालंदा में डेयरी क्षेत्र को नई गति देगी। इससे दुग्ध उत्पादों के मूल्य संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।









