गन पॉइंट पर संचालक को बनाया बंधक
बदमाशों की पूरी वारदात में सीसीटीवी में कैद
बिहारशरीफ (नालंदा)। मोहम्मदपुर गांव स्थित भारतीय स्टेट बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र को शनिवार की दोपहर हथियारबंद बदमाशों ने निशाना बनाया। चार की संख्या में आए अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर संचालक को बंधक बनाकर 5 हजार रुपये नकद और एक लैपटॉप लूट लिया और फरार हो गए।
गन पॉइंट पर हुई लूट, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
पीड़ित सीएसपी संचालक संदीप पटेल, निवासी पीनी पर, चंडी ने बताया कि घटना दिन के करीब 12:30 बजे की है। वे सेंटर पर काम कर रहे थे तभी चार बदमाश अंदर घुसे। अपराधियों ने तुरंत हथियार निकाल लिए और गन पॉइंट पर लूटपाट शुरू कर दी।पूरी खौफनाक वारदात सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में साफ दिख रहा है कि बदमाश पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर गमछा और सिर पर टोपी बांधे थे। एक बदमाश संचालक को बंधक बनाकर बैग में पैसे रखता दिख रहा है, जबकि दूसरा लैपटॉप लेकर भाग रहा है।
एक साल पहले भी हुई थी बड़ी लूट :
इस सीएसपी की सुरक्षा पर अब गंभीर सवाल उठ रहे हैं क्योंकि यह पहली घटना नहीं है। बीते 11 सितंबर 2025 को भी तीन हथियारबंद बदमाशों ने इसी सेंटर पर धावा बोलकर 2 लाख 60 हजार रुपये लूटे थे। उस समय पुलिस ने शटर गिराकर भागे अपराधियों में से तीन को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
पुलिस जांच में जुटी, पहुंची एफएसएल टीम :
दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही नगरनौसा थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की हर एंगल से गहन जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है और साक्ष्य जुटाने के लिए FSL टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।









