सेवा ही संकल्प के तहत विकसित भारत की संकल्पना
बिहारशरीफ (नालंदा): सरमेरा प्रखंड स्थित कॉम्प्लेक्स रिसोर्स सेंटर, चेरो में “सेवा ही संकल्प” अभियान के अंतर्गत विकसित भारत की संकल्पना विषय पर संकुल स्तरीय ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस बात की जानकारी संयुक्त रूप से संकुल समन्वयक मो. नकी हसन अयूबी एवं संकुल संचालक भारती कुमारी ने दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में संकुल के अधीन आने वाले विद्यालयों के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में मध्य विद्यालय चेरो, मध्य विद्यालय वृंदावन चेरो, प्राथमिक विद्यालय चेरो बेलदारी और प्राथमिक विद्यालय हरिजन टोला चेरो के बच्चे शामिल हुए। बच्चों ने विकसित भारत के सपने को अपनी चित्रकला और भाषण के माध्यम से सुंदर रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को कॉपी, कलम और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा अल्पाहार भी दिया गया। सफल आयोजन के लिए संकुल समन्वयक ने सभी शिक्षकों को धन्यवाद दिया।








