बिहारशरीफ (नालंदा). बेन थाना क्षेत्र के दया बीघा गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया. 76 वर्षीय बुजुर्ग भागीरथ राम, पिता स्वर्गीय दुखन राम की शौच के लिए जाने के दौरान पैमार नदी में डूबने से मौत हो गई. बताया जाता है कि बुजुर्ग सुबह शौच के लिए नदी किनारे गए थे, तभी पैर फिसलने से वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो घटना की जानकारी मिली. सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. गांव में मातम पसर गया है. घटना की सूचना पर पहुंची बेन थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया. बेन थानाध्यक्ष रवि राज सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया गया है.








