काम करने के दौरान करंट लगने से राजमिस्त्री की मौत, बिजली बंद न करने का आरोप, निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान गई जान

खबर सुन ने के लिए यहां क्लिक करें

Plugins for Voice API Hindi Code:

दो साथी बाल-बाल बचे, परिजनों में कोहराम

बिहारशरीफ (नालंदा)। लहेरी थाना क्षेत्र के मंगला स्थान के पास बुधवार को निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से एक राजमिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान चंडी थाना क्षेत्र के भेड़िया गांव निवासी स्वर्गीय कृष्ण पासवान के 45 वर्षीय पुत्र बलविंदर पासवान के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बलविंदर पासवान मंगला स्थान के पास एक निर्माणाधीन मकान में राजमिस्त्री का काम कर रहे थे। दीवार पर छैनी चलाते समय वह दीवार के अंदर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आ गए। जोरदार झटका लगते ही वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

मना करने पर भी नहीं काटी गई बिजली

मृतक के साला विक्रम ने बताया कि काम शुरू करने से पहले मकान मालिक से बिजली का कनेक्शन बंद कराने का अनुरोध किया गया था। इसके बावजूद बिजली आपूर्ति बंद नहीं की गई, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद मकान मालिक और अन्य लोगों ने आनन-फानन में बलविंदर को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दो साथी बचे, परिवार पर दुखों का पहाड़

हादसे के समय बलविंदर के साथ दो अन्य राजमिस्त्री भी काम कर रहे थे। गनीमत रही कि वे दोनों बाल-बाल बच गए। मृतक अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।सूचना पर लहेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Public Tail
Author: Public Tail

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!