वैकल्पिक सफाई व्यवस्था पर मांगी रिपोर्ट
वार्ड 47, 49 और 50 में नाला निर्माण का निर्देश
बिहारशरीफ (नालंदा). शहर में जलजमाव और सफाई व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को लेकर नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन ने शनिवार को वार्ड संख्या 47, 49 एवं 50 का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने खुद गली-मोहल्लों में उतरकर स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद भी किया. निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त को कई जगहों पर जलजमाव की गंभीर समस्या देखने को मिली. बारिश का पानी निकासी नहीं होने से सड़कें और घरों के सामने पानी जमा था. समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक नाला निर्माण की योजना तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि मानसून में लोगों को राहत मिल सके.
सफाईकर्मियों की हड़ताल पर जताई चिंता :
जनसंवाद के दौरान वार्ड वासियों ने नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन के सामने सफाईकर्मियों की हड़ताल का मुद्दा उठाया. लोगों ने कहा कि पिछले तीन दिनों से कूड़ा नहीं उठने से पूरे वार्ड में गंदगी और बदबू फैल गई है. उन्होंने कूड़ा उठाव के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की. नगर आयुक्त ने लोगों की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि जल्द ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जाएंगे. निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त शम्स रजा, सिटी मैनेजर साकेश कुमार सिन्हा एवं नगर निगम के अभियंता सहित अन्य कर्मी भी मौजूद थे.









