आज जिले भर में गूंजेगा देशभक्ति का संदेश
कारगिल पार्क में शहीदों को दी जाएगी श्रद्धांजलि
बिहारशरीफ (नालंदा)। स्वतंत्रता दिवस को लेकर नालंदा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला प्रशासन ने ध्वजारोहण और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों की विस्तृत समय-सारणी जारी कर दी है।जिले के मुख्य समारोह में बिहार के उप मुख्यमंत्री सह नालंदा के प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। उनके पास जल संसाधन एवं संसदीय कार्य विभाग की जिम्मेदारी भी है। जिला पदाधिकारी उदिता सिंह की ओर से जारी आमंत्रण पत्र में कहा गया है कि सभी कार्यक्रमों में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कर्मी शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने और समारोह को गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित करने का निर्देश दिया है।प्रशासन का कहना है कि 15 अगस्त को पूरे जिले में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश गूंजेगा।
शहीदों को नमन और अंतिम छोर तक तिरंगा :
प्रशासन ने इस बार स्वतंत्रता दिवस को और अधिक समावेशी बनाने की तैयारी की है।सुबह 11:10 बजे कारगिल पार्क में देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि और माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11:25 बजे पुलिस लाइन, बिहारशरीफ में ध्वजारोहण होगा।समाज के अंतिम पायदान तक स्वतंत्रता दिवस की भावना पहुंचाने के लिए सुबह 11:35 बजे महादलित टोला में भी ध्वजारोहण का कार्यक्रम रखा गया है। इसके माध्यम से सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया जाएगा।
जिलास्तरीय कार्यालयों में ध्वजारोहण का क्रम :
मुख्य समारोह सोगरा स्कूल के मैदान के बाद सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण का सिलसिला शुरू होगा। जारी समय-सारणी के अनुसार:सुबह 9:45 बजे: नालंदा समाहरणालय सुबह 10:00 बजे: जिला परिषद कार्यालय सुबह 10:10 बजे: जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) सुबह 10:15 बजे: अनुमंडल कार्यालय, बिहारशरीफ सुबह 10:25 बजे: गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय सुबह 10:40 बजे: बिहारशरीफ नगर निगम सुबह 10:50 बजे: बिहारशरीफ थाना परिसर में झंडोतोलन होगा।









