बकाया भुगतान की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
इच्छा मृत्यु की अनुमति दें सरकार व प्रशासन
बिहार शरीफ (नालंदा)। सात महीने से मानदेय नहीं मिलने से नाराज सेविका-सहायिकाओं ने मंगलवार को सदर प्रखंड कार्यालय पहुंचकर घेराव किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन के बाद उन्होंने बकाया मानदेय भुगतान की मांग को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। संघ की अध्यक्षा आशा कुमारी ने बताया कि सात माह बीतने के बाद भी सेविका-सहायिकाओं को मानदेय नहीं मिला है। बिना मानदेय के काम करने से उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।उन्होंने कहा कि भुगतान के लिए कई बार अधिकारियों से गुहार लगाई गई। इसके बाद भी किसी को एक माह तो किसी को डेढ़ माह का ही मानदेय दिया गया, शेष राशि आज तक लंबित है। कई सेविकाएं कर्ज लेकर परिवार चला रही हैं।आशा कुमारी ने सरकार से बकाया राशि का एकमुश्त भुगतान और हर माह नियमित भुगतान की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।आक्रोशित सेविकाओं ने कहा कि आर्थिक संकट के कारण परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच गया है। ऐसी स्थिति में सरकार उन्हें इच्छा मृत्यु की अनुमति दे, ताकि वे बाल-बच्चों के साथ मौत को गले लगा सकें। प्रदर्शन के दौरान सेविका-सहायिकाओं ने सरकार से जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की। कार्यालय परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा।








