बिहारशरीफ (नालंदा)। सारे थाना क्षेत्र के जिराईन मोड़ के पास पुलिस ने छापेमारी कर ब्राउन शुगर जैसे पदार्थ की 25 पुड़िया बरामद की है। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान फग्गू बिगहा गांव निवासी स्व. नौरंगी यादव के 50 वर्षीय पुत्र विरजु यादव के रूप में हुई है।थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि 25 अगस्त की सुबह सूचना मिली थी कि जिराईन मोड़ पर एक व्यक्ति ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी को जानकारी दी गई और विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।तलाशी के दौरान संदिग्ध के पास से 25 पुड़िया बरामद हुई। पुलिस ने पदार्थ जब्त कर सारे थाना में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और आपूर्ति किन्हें होनी थी।छापेमारी दल में थानाध्यक्ष के अलावा अवर निरीक्षक मनोज कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक बबलू कुमार, गृहरक्षी मनोज कुमार सिंह, मंसूर कुमार और सिपाही नितीश कुमार शामिल थे।








