मनोरंजन मध्य विद्यालय में अनोखा प्रयोग
चीनी से बनी राखी बनी आकर्षण का केंद्र
बिहारशरीफ (नालंदा)। रक्षाबंधन का त्योहार तो हर जगह मनाया गया, लेकिन सरमेरा प्रखंड के एक सरकारी स्कूल ने इसे कुछ अलग अंदाज में मनाकर सबका दिल जीत लिया।मनोरंजन मध्य विद्यालय, चेरों के छात्र-छात्राओं ने इस बार बाजार की राखी नहीं, बल्कि अपने हाथों से चीनीयुक्त खाने योग्य राखी तैयार की। बच्चों ने एक-दूसरे की कलाई पर ये मीठी राखी बांधकर भाई-बहन के अटूट प्रेम और रिश्तों में मिठास का अनोखा संदेश दिया। बच्चों की इस क्रिएटिविटी को देखने के लिए पूरा विद्यालय जुट गया।कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापक मोहम्मद नकी हसन अय्यूबी ने बच्चों से राखी बंधवाई और सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने

कहा कि इस तरह के नवाचार आधारित आयोजनों से बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा निखरती है, कौशल का विकास होता है और आत्मविश्वास बढ़ता है। साथ ही बच्चे अपने पर्व-त्योहारों के सांस्कृतिक महत्व को भी समझते हैं, जिससे विद्यालय में आनंदमय वातावरण बनता है।इस अवसर पर शिक्षक सतीश प्रसाद, चंद्रशेखर रविदास, लालजी कुमार, मोनी कुमारी, चंद्र प्रकाश, सर्वोत्तम कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।








