वेना के कश्मीरी चक पूनम भट्ठा के पास हादसा
बहन के घर से लौट रहे सुनील ने तोड़ा दम
बिहारशरीफ (नालंदा)। नालंदा जिले में सोमवार को एक तेज रफ्तार बस ने बाइक में भीषण टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना वेना थाना क्षेत्र के दोसुत रोड स्थित कश्मीरी चक पूनम भट्ठा के पास की है। मृतक की पहचान गराई बिगहा गांव निवासी नगीना यादव के 30 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल निलेश कुमार और बिहारी कुमार को इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक के भाई उदयचंद ने बताया कि सुनील अपनी बहन के घर हरौल गोधौल गया था। वहां से लौटने के दौरान यह हादसा हो गया। टक्कर के बाद बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही वेना थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान सुनील कुमार की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश में छापेमारी की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।









