डीडीसी सारा अशरफ की अध्यक्षता में हुई बैठक
जिले के जनप्रतिनिधि से आमजन तक होंगे शामिल
बिहारशरीफ (नालंदा)। बिहार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और हाल के वर्षों की उपलब्धियों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए 25 जुलाई 2026 को नालंदा में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में आज 24 जुलाई को उप विकास आयुक्त सुश्री सारा अशरफ की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। राज्य सरकार के निर्देश पर होने वाले इस कार्यक्रम में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का लाइव टेलीकास्ट भी दिखाया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधि, जिला परिषद के पदाधिकारी, नगर निकायों के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के सदस्य, प्रबुद्ध नागरिक और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर जिले में विगत वर्षों में विकास व जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हुए कार्यों को रिपोर्ट कार्ड, पुस्तिका एवं लघु डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। प्रमुख उपलब्धियों में सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय, नए डिग्री कॉलेजों का संचालन, बिहार स्कूल लाइव क्लासेज, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं, नए राशन कार्ड का निर्माण, सहयोग शिविरों में प्राप्त व निष्पादित आवेदन शामिल हैं। साथ ही पंचायत विकास दिवस, आयुष्मान भारत व मुख्यमंत्री जन-आरोग्य योजनाएं, प्रगति यात्रा व समृद्धि यात्रा के तहत शिलान्यासित योजनाओं की प्रगति, पर्यटन, उद्योग, निवेश एवं रोजगार सृजन तथा अन्य विभागीय उपलब्धियां भी जनता के सामने रखी जाएंगी। प्रशासन ने सभी विभागों को तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया है









