अनावश्यक खर्च पर रोक, कमजोर वर्ग की मदद
बिहारशरीफ (नालंदा). प्रखंड मुख्यालय बेन में विगत वर्षों की परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी सामूहिक कन्यादान महायज्ञ श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ. कार्यक्रम के मुख्य आयोजक सौरभ कुमार के नेतृत्व में पूरा आयोजन भक्तिमय माहौल में किया गया. विवाह समारोह की शुरुआत वर और वधू पक्ष के लोगों के समधी मिलन से हुई. बैंड-बाजे की धुन पर दोनों पक्षों का स्वागत किया गया, जिससे पूरे परिसर का माहौल उत्सवपूर्ण हो गया. सभी ने नवविवाहित जोड़ों को सुखद एवं मंगलमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया. विवाह की सभी धार्मिक रस्में विधि-विधान से संपन्न कराई गईं. इसके बाद वर-वधू पक्ष के लोगों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया गया. अंत में नवदंपतियों को शुभकामनाओं के साथ विदा किया गया.

अनावश्यक खर्च पर लगेगी रोक :
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थरथरी प्रखंड प्रमुख ने अपने संबोधन में कहा कि सामूहिक विवाह समाज के लिए एक आदर्श पहल है. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विवाह के नाम पर होने वाले अनावश्यक खर्च पर रोक लगाते हैं. आर्थिक रूप से कमजोर और अनाथ युवक-युवतियों का विवाह समाज के सहयोग से सम्मानपूर्वक संपन्न कराना समाज सेवा का बड़ा उदाहरण है. इस अवसर पर विक्रम सिंह, शैलेंद्र कुमार, पप्पू राम, सुधीर प्रसाद, शिबू जी, सत्येंद्र कुमार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे.









