सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही मानपुर थाना पुलिस
बिहारशरीफ (नालंदा)। नालंदा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के तेतरावां गांव स्थित ऐतिहासिक बुद्ध मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने मुख्य दरवाजे की कुंडी और ताला तोड़कर मंदिर में स्थापित पालकालीन तीन प्राचीन मूर्तियां चोरी कर लीं।गुरुवार सुबह जब ग्रामीण सफाई के लिए मंदिर पहुंचे तो दरवाजे की कुंडी टूटी और सींकड़ी सीढ़ी पर गिरी मिली। अंदर भगवान विष्णु, सूर्य देव और भगवान बुद्ध की खंडित प्रतिमा गायब थीं। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। गौतम बुद्ध विकास समिति के सचिव राजीव कुमार ने बताया कि पिछले साल तालाब की खुदाई में मिली विष्णु और सूर्य की प्रतिमाओं को सुरक्षा के लिए इसी मंदिर में रखा गया था। चोरी गई मूर्तियों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।सूचना पर मानपुर पुलिस मौके पर पहुंची। अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि लिखित शिकायत दर्ज कर ली गई है। मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।प्राचीन मूर्तियों की चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से मूर्तियों की बरामदगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।









