ताले तोड़कर गोदरेज से गहने-नकदी ले उड़े चोर
बिहारशरीफ में रहते हैं अधिवक्ता शंभू शरण सिंह
बिहारशरीफ। नालंदा जिले के कतरीसराय थाना क्षेत्र के दरवेशपुरा गांव में चोरों ने एक अधिवक्ता के सूने घर को निशाना बनाकर लगभग 15 लाख रुपए के सामान पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित अधिवक्ता शंभू शरण सिंह बिहारशरीफ कोर्ट में वकालत करते हैं और परिवार के साथ वहीं रहते हैं। अधिवक्ता श्री सिंह ने बताया कि शनिवार को कोर्ट से काम निपटाकर जब वे गांव स्थित घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा समेत सभी कमरों के ताले टूटे मिले। घर का सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। चोरों ने गोदरेज तोड़कर उसमें रखे कीमती आभूषण, कपड़े और नकद 60 हजार रुपए समेत करीब 15 लाख की संपत्ति चोरी कर ली।घटना की सूचना मिलते ही कतरीसराय पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और छानबीन की। अधिवक्ता ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाना में लिखित आवेदन दिया है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और आगे की कार्रवाई होगी। सूने घर में हुई इस बड़ी चोरी से इलाके में दहशत है।









