अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुईं तीन घटनाएं
बच्चे से लेकर युवा किसान तक बने शिकार
बिहारशरीफ। जिले में रविवार की देर शाम आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तीनों मृतक अलग-अलग गांवों में खेतों में काम कर रहे थे। मृतकों में 10 वर्षीय पवन कुमार, 35 वर्षीय ललित कुमार और 24 वर्षीय सुबोध कुमार शामिल हैं। एक ही दिन में तीन मौतों से पूरे इलाके में शोक की लहर है। परिजनों में कोहराम मच गया है़
केस-1: नूरसराय में 10 वर्षीय पवन की मौत
पहली घटना नूरसराय थाना क्षेत्र के दादपुर-विशंभर बिगहा गांव की है। यहां 10 वर्षीय पवन कुमार खेत में बोरियां उठा रहा था। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गया। स्थानीय लोग तुरंत उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
केस-2: थरथरी में किसान ललित कुमार की मौत
दूसरी घटना थरथरी प्रखंड के चिन्तामनचक गांव की है। अरविंद प्रसाद के 35 वर्षीय पुत्र ललित कुमार रविवार शाम झरहा बधार स्थित अपने खेत में काम कर रहे थे। अचानक मौसम बदला और वज्रपात होने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की।
केस-3: हिलसा में जुताई कर रहे सुबोध कुमार की मौत
तीसरी घटना हिलसा थाना क्षेत्र के कृष्णा बिगहा गांव की है। भुवनेश्वर प्रसाद के 24 वर्षीय बेटे सुबोध कुमार खेत की जुताई कर रहे थे। तभी अचानक बिजली गिरने से वे गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।तीनों घटनाओं के बाद प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में खुले में न जाने और सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है।









