दोषियों को मिले फांसी की सजा : राजकुमार पासवान
बिहारशरीफ (नालंदा)। सेरथुआ खुर्द थाना क्षेत्र के खुदागंज गांव में बीते 27 जुलाई की सुबह लगभग 11 बजे ट्रैक्टर लाने गए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सेरथुआ खुर्द निवासी देवनंदन पासवान के 26 वर्षीय पुत्र सूरज पासवान उर्फ सन्नी पासवान के रूप में हुई है। एनसीपी के जिलाध्यक्ष राजकुमार पासवान ने बताया कि सन्नी पासवान अपने ही गांव से बगल के गांव ट्रैक्टर लाने जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे कुछ असामाजिक तत्वों ने उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगने से सन्नी पासवान मौके पर ही ढेर हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एनसीपी की यह सभी मुख्य मांग:
घटना की कड़ी निंदा करते हुए एनसीपी जिलाध्यक्ष राजकुमार पासवान ने जिला प्रशासन से अविलंब एसआइटी टीम गठित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर अपराधियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर फांसी की सजा दिलाई जाए। उन्होंने आगे कहा कि मृतक के आश्रितों को 20 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। राजकुमार पासवान ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो एनसीपी इस मुद्दे पर आंदोलन छेड़ेगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।









