सफाई, पेयजल, रोशनी और चलंत शौचालय का लिया जायजा
श्रद्धालुओं से फीडबैक लेकर कंट्रोल रूम का भी किया निरीक्षण
बिहारशरीफ (नालंदा) आगामी बाबा मणिराम अखाड़ा लंगोट मेला की तैयारियों को परखने के लिए बुधवार को नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन ने मेला स्थल और बाबा मणिराम मंदिर का औचक निरीक्षण किया. उनके साथ उप नगर आयुक्त शम्स रजा, सिटी मैनेजर साकेश कुमार सिन्हा एवं त्रिपुरारी शरण संजय सहित नगर निगम के अन्य पदाधिकारी और कर्मी भी मौजूद रहे. नगर आयुक्त ने मेला क्षेत्र की सुरक्षा और निगरानी के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया. उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहे और सीसीटीवी के माध्यम से मेला क्षेत्र पर लगातार नजर रखी जाए.
सभी मूलभूत सुविधाओं की बारीकी से जांच :
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने मेला परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता, पर्याप्त रोशनी और चलंत शौचालय की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने वहां मौजूद सफाई कर्मियों और अन्य स्टाफ से काम की प्रगति के बारे में जानकारी ली. साथ ही मेले में आने वाले श्रद्धालुओं से भी फीडबैक लेकर उनकी अपेक्षाओं को जाना.
समय पर तैयारियां पूरी होने पर जताया संतोष :
निरीक्षण के उपरांत नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने सफाई को दो शिफ्ट में कराने, पेयजल टैंकर की नियमित आपूर्ति और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वय बनाकर तय समय सीमा में कार्य पूरा करें, ताकि मेला शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके.









