17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
कचरे के पृथक्करण और स्वच्छ व्यवहार पर जोर
बिहारशरीफ. भारत सरकार द्वारा आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत बिहारशरीफ नगर निगम ने स्वच्छता को लेकर व्यापक पहल शुरू की है. नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन ने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशभर में चलाया जा रहा है. इसी क्रम में शुक्रवार को बिहारशरीफ नगर निगम द्वारा स्वच्छता पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष सफाई एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान शहर के विभिन्न वार्डों और सार्वजनिक स्थलों पर सफाई कर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया. अभियान के तहत लोगों को कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण, गीले और सूखे कचरे का सही निस्तारण, सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छ व्यवहार को अपनी आदत बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझें और स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बिहारशरीफ के निर्माण में सहभागी बनें.









