उप विकास आयुक्त ने किया सर्वे का स्थल निरीक्षण
धान के खेत में मोबाइल ऐप से सर्वे की प्रक्रिया देखी
बिहारशरीफ। नालंदा जिले में चल रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का जायजा लेने के लिए उप विकास आयुक्त सुश्री सारा अशरफ, भा०प्र०से० ने स्थल निरीक्षण किया। उनके साथ जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. नितेश कुमार एवं अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, बिहारशरीफ भी मौजूद थे। पदाधिकारियों की टीम ने बिहारशरीफ अनुमंडल के बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत कमरपुर पहाड़पुर का भ्रमण किया।
खेत पर जाकर देखी सर्वे की पूरी प्रक्रिया :
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने खरीफ मौसम वर्ष 2026-27 के तहत धान की फसल लगे खेत में मोबाइल ऐप के माध्यम से हो रहे सर्वेयर के कार्य की पूरी प्रक्रिया की समीक्षा की। मौके पर कृषि समन्वयक श्री मुकेश कुमार के द्वारा मोबाइल ऐप से धान के प्लॉट का सर्वेक्षण कर फोटोग्राफ अपलोड किया गया। सर्वेक्षण के दौरान पाया गया कि स्थल पर डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण ऐप सुचारू रूप से कार्य कर रहा है। इस दौरान किसान सलाहकार श्री जितेन्द्र कुमार भी उपस्थित थे।
राज्य में नालंदा का शानदार प्रदर्शन :
जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. नितेश कुमार ने उप विकास आयुक्त को जानकारी देते हुए बताया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे में राज्य स्तर पर नालंदा जिला दूसरे स्थान पर है, जो जिले के लिए गर्व की बात है। नालंदा जिले को कुल 12,16,698 प्लॉटों के सर्वे का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके विरुद्ध अब तक 8,25,929 प्लॉटों का सर्वे कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वहीं सुपरवाईजर द्वारा 5,89,292 प्लॉट को अप्रूव भी कर दिया गया है।उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्य में लगे सर्वेयर एवं सुपरवाईजर को प्रोत्साहित करने के लिए प्रति प्लॉट सर्वे पर प्रोत्साहन मानदेय राशि का भी प्रावधान किया गया है, जिससे सर्वे कार्य में और तेजी आएगी। उप विकास आयुक्त ने सर्वे कार्य में लगे सभी कर्मियों की सराहना की और शेष बचे प्लॉटों का सर्वे कार्य ससमय पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि किसानों को योजनाओं का लाभ सही समय पर मिल सके।









