नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला आयोजित
स्टडी व टूल किट और समुद्रपार नौकरी की जानकारी
बिहारशरीफ (नालंदा). युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार पटना के तत्वाधान में जिला नियोजनालय, नालंदा द्वारा जिला स्तरीय एक दिवसीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला का आयोजन शनिवार को किया गया. मेले का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ करियर के प्रति सही मार्गदर्शन देना था. मेले का विधिवत उद्घाटन जिला नियोजन पदाधिकारी मो. आकिफ वक्कास, श्रम अधीक्षक नरेश प्रसाद, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग स्नेहा और जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी शालिनी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस अवसर पर डीआरसीसी मैनेजर एवं श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी भी मौजूद रहे. मेले में कुल 22 प्रतिष्ठित नियोजकों ने भाग लिया. इनके द्वारा लगभग 1000 रिक्तियों के विरुद्ध 1414 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया. साक्षात्कार के बाद 478 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया. जिला नियोजन पदाधिकारी मो. आकिफ वक्कास ने युवाओं को नियोजन और कौशल विकास के महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया. उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है. मेले में नियोजनालय की ओर से स्टडी किट एवं टूल किट योजना, कैरियर सूचना केंद्र और समुद्रपार नियोजन ब्यूरो के बारे में भी जानकारी दी गई. इससे इच्छुक युवाओं को विदेशों में रोजगार के अवसरों के बारे में समझने का मौका मिला. कार्यक्रम में डीआरसीसी, जेएसएस, जीविका, श्रम संसाधन विभाग सहित अन्य सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए गए. इन स्टॉलों पर अधिकारियों ने सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और युवाओं के सवालों का समाधान किया. मौके पर कार्यालय लिपिक पंकज यादव, जिला कौशल प्रबंधकगण एवं नियोजनालय के सभी कर्मी उपस्थित थे. प्रशासन ने कहा कि इस तरह के मेले आगे भी आयोजित किए जाएंगे ताकि जिले के युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा सके.









