एकंगरसराय में द्वितीय पुण्यतिथि पर जनसैलाब
दो मिनट का मौन रखकर दी गई श्रद्धांजलि
बिहारशरीफ (नालंदा)। इस्लामपुर के विधायक रुहेल रंजन के पिता एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय राजीव रंजन की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को एकंगरसराय स्थित कोल्ड स्टोर परिसर में श्रद्धांजलि सभा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, न्यायपालिका के प्रतिनिधि और विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं सहित बड़ी संख्या में समर्थक व आमजन शामिल हुए।सभी अतिथियों ने स्व. राजीव रंजन के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, मंत्री शीला मंडल, नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार, जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा, पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीश राजकुमार समेत कहलगांव, वारिसनगर, घोसी, सिकटा, कुशेश्वरस्थान, सकरा, नरकटिया, हिलसा, बरबीघा, अस्थावां, परवत्ता के विधायक और पूर्व सांसद डॉ. अरुण कुमार, पूर्व विधायक मुन्ना कुमार एवं इंजीनियर सुनील उपस्थित रहे।वक्ताओं ने कहा कि स्व. राजीव रंजन का पूरा जीवन जनसेवा, सादगी और सामाजिक समरसता को समर्पित रहा। विधायक रहते हुए उन्होंने शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य, सिंचाई और बुनियादी सुविधाओं के विकास को नई दिशा दी। वे आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनते और समाधान के लिए सदैव तत्पर रहते थे। उनका सहज और मिलनसार स्वभाव उन्हें जनता के बीच लोकप्रिय बनाता था।लोगों ने कहा कि उन्होंने राजनीति को सत्ता नहीं, समाज सेवा का माध्यम बनाया। दो वर्ष बाद भी क्षेत्रवासियों के दिलों में उनके प्रति सम्मान और आत्मीयता कायम है। कई लोगों ने उनके साथ बिताए संस्मरण साझा किए और बताया कि वे युवाओं के मार्गदर्शक थे।सभा के अंत में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। पूरा परिसर श्रद्धा और भावनात्मक स्मृतियों से ओत-प्रोत रहा।









