भिक्षा मांगकर जीवनयापन करता था मृतक
परिजनों ने लू से मौत की जताई आशंका
बिहारशरीफ (नालंदा)। नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के विजवनपर रेलवे क्रॉसिंग के समीप रविवार को एक अधेड़ का शव मिला है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी।सूचना पर थानाध्यक्ष सुमन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया।मृतक की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के शंकरपुर सकरौल गांव निवासी नवल डोम के 55 वर्षीय पुत्र विकास डोम के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि विकास डोम लंबे समय से विजवनपर गांव के आसपास भिक्षा मांगकर जीवनयापन करते थे। वे रेलवे क्रॉसिंग के निकट पुल के नीचे रहकर गुजर-बसर कर रहे थे।घटना की सूचना पर परिजन दीपनगर थाना पहुंचे और शव की पहचान की। परिजनों ने आशंका जताई कि भीषण गर्मी और लू लगने के कारण उनकी मौत हुई होगी। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।









