पुलिस-प्रशासन की पहल से तनाव टला
बिहारशरीफ (नालंदा). बेन प्रखंड क्षेत्र के जंघारो गांव में नली निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद का समाधान शनिवार को आपसी सहमति से कर लिया गया. विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए मामला थाना परिसर में सुलझाया गया. समाधान बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, स्थानीय मुखिया और सरपंच की उपस्थिति रही. दोनों पक्षों को सुनने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने बीच-बचाव कर आपसी सहमति से समस्या का निदान कराया. इस पूरे मामले में थानाध्यक्ष रविराज सिंह की भूमिका अहम रही. उन्होंने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांति बनाए रखने की अपील की और विवाद को बढ़ने से रोका. ग्रामीणों ने एक स्वर में पुलिस और प्रशासन की इस पहल की सराहना की. लोगों का कहना था कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की सूझबूझ से गांव में तनाव टल गया और सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहा.









