शॉर्ट सर्किट ठीक करने के दौरान हुआ हादसा
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
बिहारशरीफ। नालंदा जिले के अस्थावां प्रखंड अंतर्गत सारे थाना क्षेत्र के दामचक गांव में शुक्रवार रात करंट की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी महेंद्र सिंह के 40 वर्षीय पुत्र शंकर कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि शंकर कुमार घर में बिजली बोर्ड के प्लग में लगे शॉर्ट सर्किट को ठीक कर रहे थे। इसी दौरान वे अचानक करंट की चपेट में आ गए और जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए स्थानीय रेफरल अस्पताल अस्थावां ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









