बिहारशरीफ (नालंदा)। रक्षाबंधन की खुशियां सतोखरी गांव में मातम में बदल गईं। जिस घर में बहन के आने पर राखी की तैयारी चल रही थी, उसी घर में कुछ ही देर में भाई की अर्थी उठ गई।घटना सिलाव प्रखंड के सतोखरी गांव की है। मृतक 34 वर्षीय प्रवेश कुमार पिता नरेश यादव सुबह स्नान कर अपनी बहन का इंतजार कर रहे थे। घर में पर्व को लेकर उत्साह था, तभी बिजली गुल हो गई। परिजनों के अनुसार प्रवेश लाइन ठीक करने के लिए गांव के ट्रांसफार्मर के पास गए थे, तभी अचानक तेज करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।शोर सुनकर ग्रामीण और परिजन दौड़े। उन्हें तुरंत सिलाव के एक निजी क्लीनिक ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।उधर, राखी और मिठाई लेकर भाई की कलाई सजाने आ रही बहन को रास्ते में इस हादसे की भनक तक नहीं थी। जैसे ही वह घर पहुंची और सामने भाई का शव देखा, वह दहाड़ मारकर रो पड़ी और बेसुध होकर शव से लिपट गई। इस दृश्य ने वहां मौजूद हर आंख को नम कर दिया।जिस आंगन में कुछ देर पहले हंसी-खुशी थी, वहां अब चीख-पुकार है। पूरे गांव में शोक पसरा है और लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।








