बिहारशरीफ नगर निगम बोर्ड की बैठक में विकास का रोडमैप तैयार, 8 बड़े फैसलों पर लगी मुहर,शहर के सभी वार्डों में लगेंगे 5000 नए स्ट्रीट लाइट

खबर सुन ने के लिए यहां क्लिक करें

— कंबल वितरण के लिये खरीदे जायेंगे 5 हजार कंबल
–संविधान की किताब व तिरंगा ले पहुंचे पार्षद पप्पू यादव

बिहारशरीफ. बिहारशरीफ नगर निगम बोर्ड की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को महापौर की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यालय सभाकक्ष में संपन्न हुई. बैठक में उप महापौर के अलावे नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन, उप नगर आयुक्त शम्स रजा, राजस्व पदाधिकारी, अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी, नगर प्रबंधक समेत पार्षदगण एवं सभी कार्यालय पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे. बैठक में शहर के सर्वांगीण विकास के लिए कई अहम निर्णय लिए गए.

संविधान की किताब एवं तिरंगा लेकर पहुंचे पार्षद पप्पू यादव :

बैठक में वार्ड पार्षद धनंजय कुमार उर्फ पप्पू यादव हाथ में तिरंगा एवं संविधान की पुस्तक लेकर पहुंचे. मौके पर उन्होंने कहा कि संविधान एवं नगर पालिका एक्ट की विभिन्न सुसंगत धाराओं के अंतर्गत ईमानदारी पूर्वक काम नहीं किया जा रहा है. निगम के पदाधिकारी से लेकर कर्मी तक अपने कार्य को ससमय पूरा नहीं कर रहे हैं. ऐसे में हम पार्षदों को अपने क्षेत्र में जनता की खरी खोटी सुननी पड़ रही है. इसलिये इसमें सुधार करने की सख्त जरूरत है. इस दौरान कई वार्ड पार्षदों ने पार्षद पप्पू यादव के बयान का समर्थन किया.

विकास योजनाओं और रौशनी पर जोर :

बैठक में सर्वप्रथम सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से सभी वार्डों में विकास की योजनाओं का चयन किया गया. आवश्यकतानुसार सभी वार्डों में डस्टबिन बोरिंग और स्ट्रीट पोस्ट का अधिष्ठापन निविदा के माध्यम से कराने का निर्णय लिया गया. वहीं शहर को रोशन करने के लिए दो बड़े फैसले हुए. नगर निगम क्षेत्र में खराब पड़े 17 हाई मास्क लाइट और 1211 स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कराई जाएगी, जबकि 5000 नए स्ट्रीट लाइट निविदा के माध्यम से लगाए जाएंगे.

राजस्व बढ़ाने और कर्मचारी हित में फैसला :

राजस्व बढ़ोतरी पर गहन विचार-विमर्श के उपरांत शत-प्रतिशत प्रॉपर्टी टैक्स वसूली, ट्रेड लाइसेंस वसूली तथा सरकारी भवनों से प्रॉपर्टी टैक्स वसूलने का निर्णय लिया गया. वहीं आउटसोर्सिंग एजेंसी द्वारा ईपीएफ और ईएसआई की राशि समय पर जमा नहीं करने की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है, जो दोषी एजेंसी पर कार्रवाई की अनुशंसा करेगी.

शिक्षा, सेवा और पैदल पथ का विकास :

नागरिक सुविधाओं को लेकर भी बोर्ड ने बड़े फैसले लिए. नगर निगम क्षेत्र के विद्यालयों और सरकारी भवनों में सार्वजनिक पुस्तकालय के अधिष्ठापन के लिये पुस्तकों, फर्नीचर एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों का क्रय करने का निर्णय लिया गया. आगामी शीत ऋतु को देखते हुए महादलित, गरीब एवं असहाय लोगों के बीच वितरण के लिए 5000 कंबल क्रय करने पर सहमति बनी. साथ ही बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र के प्रधान और मुख्य सड़क के किनारे फुटपाथ में पेवर ब्लॉक निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई.अंत में महापौर द्वारा सधन्यवाद बैठक की कार्यवाही समाप्त की गई.

Shubham Singh
Author: Shubham Singh

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!