इकलौते बेटे को खोकर टूटा परिवार
बेन थाना क्षेत्र के करजारा गांव की घटना
बिहारशरीफ/बेन। नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के करजारा गांव में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया। पढ़ाई को लेकर मां की डांट से आहत 13 वर्षीय किशोर ने घर में रखी सल्फास की गोली खा ली। गंभीर हालत में परिजन उसे बिहारशरीफ के मॉडल अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इकलौता बेटा था करण :
मृतक की पहचान करजारा निवासी टुनटुन कुमार के 13 वर्षीय पुत्र करण कुमार के रूप में हुई है। वह गांव के ही स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था। करण माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन है। परिजनों ने बताया कि सोमवार सुबह मां ने करण को पढ़ाई को लेकर डांट-फटकार लगाई थी। इसके बाद मां अपने मायके चली गई। मां के जाते ही गुस्से और दुख में करण ने घर में रखी सल्फास खा ली। तबीयत बिगड़ने पर बहन ने शोर मचाया तो परिजन दौड़े।
अस्पताल में तोड़ा दम, गांव में पसरा मातम :
आनन-फानन में परिजन करण को बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयास के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। इकलौते बेटे की मौत से मां-बाप पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है। बताया जाता है कि परिजन पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव ले गए। बेन थानाध्यक्ष रवि राज ने कहा कि घटना की आधिकारिक सूचना थाना को नहीं मिली है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस अपने स्तर से जानकारी जुटा रही है।









