गंभीर मरीजों को अब पटना रेफर की मजबूरी खत्म
सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह ने किया उद्घाटन
बिहारशरीफ। जिले के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे इंतजार के बाद सोमवार को मॉडल सदर अस्पताल में 8 बेड वाले अत्याधुनिक आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) एवं एचडीयू (हाई डिपेंडेंसी यूनिट) वार्ड की शुरुआत हो गई। अब गंभीर मरीजों को इलाज के लिए पटना या अन्य बड़े अस्पताल रेफर करने की विवशता खत्म हो जाएगी।सिविल सर्जन ने किया शुभारंभ
आईसीयू वार्ड का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह, उपाधीक्षक डॉ. राजीव रंजन एवं डीपीएम श्याम कुमार निर्मल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस मौके पर डॉ. अंजय कुमार, डॉ. प्रशांत कुमार, डॉ. इरफान अली, डॉ. नवीन कुमार, अस्पताल प्रबंधक मोहम्मद इमरान व एकाउंटेंट सुजीत कुमार समेत कई चिकित्सक और पारा मेडिकल स्टाफ मौजूद रहे।
गरीब मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत :
सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह ने कहा कि आईसीयू वार्ड खुलने से आकस्मिक एवं गंभीर मरीजों को अब हायर सेंटर नहीं भेजना पड़ेगा। विशेषकर गरीब तबके के मरीजों को इससे काफी राहत मिलेगी। अब समय पर इलाज शुरू होने से जान बचाई जा सकेगी और मरीजों की जेब पर भी बोझ नहीं पड़ेगा। निजी अस्पतालों में लाखों खर्च करने की मजबूरी से छुटकारा मिलेगा।सर्पदंश पीड़ित छात्रा बनी पहली मरीज :
वार्ड शुरू होने के पहले ही दिन हरनौत थाना क्षेत्र के पचौरा गांव की 13 वर्षीय छात्रा रिया कुमारी को पहली मरीज के रूप में भर्ती किया गया। उसे सर्पदंश के बाद गंभीर हालत में लाया गया था। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है और स्थिति गंभीर बनी हुई है।
इन मरीजों को मिलेगा जीवनदान :
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार आईसीयू-एचडीयू वार्ड शुरू होने से सड़क दुर्घटना, सर्पदंश, हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक, गंभीर संक्रमण, सांस संबंधी बीमारी तथा अन्य क्रिटिकल मरीजों को जिले में ही बेहतर निगरानी और जीवनरक्षक उपचार उपलब्ध होगा। वेंटिलेटर, मॉनिटर समेत सभी आधुनिक उपकरण वार्ड में लगाए गए हैं।
समय पर इलाज, बचेगी जान :
अब तक गंभीर मरीजों को पटना रेफर करने में लगने वाले ‘गोल्डन ऑवर’ में देरी से कई बार जान चली जाती थी। अब जिले में ही 24 घंटे विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज मिलने से मरीजों की जान बचाने की संभावना कई गुना बढ़ जाएगी। यह सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।









