नालंदा में मानसून मेहरबान: अच्छी वर्षा से धान रोपनी ने पकड़ी रफ्तार, 34% काम पूरा; कृषि विभाग अलर्ट मोड में

खबर सुन ने के लिए यहां क्लिक करें

Plugins for Voice API Hindi Code:

जिला कृषि पदाधिकारी कर रहे प्रखंडों का दौरा

किसानों को दे रहे तकनीकी सलाह

मौसम साथ रहा तो तय समय में पूरी होगी रोपनी

बिहारशरीफ। नालंदा जिले में मानसून की अच्छी वर्षा ने किसानों के चेहरे खिला दिए हैं। लगातार हो रही संतोषजनक बारिश से धान रोपनी के काम में जबरदस्त तेजी आई है। जिले में अब तक लगभग 34 प्रतिशत धान रोपनी का कार्य पूरा हो चुका है। कृषि विभाग का मानना है कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो आने वाले दिनों में रोपनी और तेज गति से पूरी होगी।

लगातार हो रहा क्षेत्र भ्रमण :
जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. नितेश कुमार खुद फील्ड में उतरकर हालात का जायजा ले रहे हैं। वे जिले के विभिन्न प्रखंडों का लगातार दौरा कर धान रोपनी की प्रगति का निरीक्षण कर रहे हैं। खेतों में जाकर किसानों से सीधा संवाद कर रहे हैं और उनकी समस्याएं सुन रहे हैं।

किसानों को मिल रही वैज्ञानिक सलाह :
भ्रमण के दौरान डॉ. नितेश कुमार किसानों को समय पर धान रोपनी करने की सलाह दे रहे हैं। साथ ही संतुलित उर्वरक प्रयोग, प्रमाणित व गुणवत्तापूर्ण बीज के उपयोग, उचित जल प्रबंधन और कीट-रोग प्रबंधन से जुड़ी जरूरी तकनीकी जानकारी भी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से खेती करने पर उत्पादन बढ़ेगा और लागत घटेगी। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम की अनुकूल परिस्थितियों का अधिकतम लाभ उठाएं। जितनी जल्दी हो सके धान रोपनी का कार्य पूरा कर लें। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि किसानों को हर संभव तकनीकी सहयोग और मार्गदर्शन दिया जाएगा।

अधिकारियों को सख्त निर्देश :
जिला कृषि पदाधिकारी ने सभी कृषि समन्वयकों, प्रखंड कृषि पदाधिकारियों और कृषि सलाहकारों को सख्त निर्देश दिए हैं। सभी को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार किसानों के संपर्क में रहने को कहा गया है। निर्देश है कि किसानों को हर जरूरी तकनीकी सहयोग समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि रोपनी का कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा हो सके।

समय पर सलाह का करें पालन :
डॉ. नितेश कुमार ने कहा कि कृषि विभाग समय-समय पर वैज्ञानिक सलाह जारी करता है। किसान इन सलाहों का पालन जरूर करें। इससे फसल को रोग-कीट से बचाया जा सकेगा और बेहतर पैदावार मिलेगी। उन्होंने बताया कि सभी प्रखंडों में हेल्पडेस्क सक्रिय है, जहां किसान अपनी समस्या रख सकते हैं।

उम्मीद से भरे किसान :
अच्छी बारिश के बाद किसानों में उत्साह है। खेतों में पानी भरने से रोपनी आसान हो गई है। मजदूरों की टोलियां खेतों में जुटी हैं। किसान रामजी प्रसाद ने बताया कि इस बार समय से बारिश हुई है, इसलिए रोपनी जल्दी पूरी हो जाएगी। कृषि विभाग की सक्रियता से भी किसानों को मदद मिल रही है।

Public Tail
Author: Public Tail

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!