अस्थायी शौचालय और वाटर एटीएम से मिलेगी राहत
नगर आयुक्त के निरीक्षण के बाद व्यवस्थाएं होंगी दुरुस्त
बिहारशरीफ. शहर के ऐतिहासिक बाबा मणिराम अखाड़ा लंगोटा मेला 2026 में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने के लिए नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन और उप नगर आयुक्त शम्स रजा ने शनिवार को मेला स्थल का औचक निरीक्षण कर तैयारियों को परखा और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि मेले में किसी भी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होनी चाहिए. निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त शम्स रजा, सिटी मैनेजर, अमरकांत भारती समेत कई पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे. सभी ने मेला क्षेत्र का भ्रमण कर बिंदुवार तैयारियों की समीक्षा की.
पूरे मेला क्षेत्र में रहेगा विशेष इंतजाम:
निरीक्षण के बाद नगर आयुक्त ने आदेश दिया कि संपूर्ण मेला परिसर में दो पालियों में सफाई अभियान चलाया जाए. भीड़ को देखते हुए शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में लगे सभी बंद स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट की तुरंत मरम्मत कराई जाएगी, ताकि रात में भी उजाला बना रहे.
शौचालय और वाटर एटीएम लगेंगे :
नगर आयुक्त ने भीड़ को देखते हुए पर्याप्त संख्या में अस्थायी शौचालय बनवाने और वाटर एटीएम अधिष्ठापित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि लंगोटा मेला नालंदा की सांस्कृतिक पहचान है, इसलिए इसकी व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए. अधिकारियों को दो टूक कहा गया कि सभी तैयारियां समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं ताकि मेला सुचारू और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके. नगर आयुक्त ने साफ किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि है.









