20 जुलाई से हर गली में गूंजेगी फॉगिंग मशीन की आवाज
बोलें नगर आयुक्त : सफाई में कोताही बर्दाश्त नहीं
बिहारशरीफ. बारिश के मौसम में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी खतरनाक बीमारियों को शहर में पैर पसारने से रोकने के लिए बिहारशरीफ नगर निगम ने मोर्चा संभाल लिया है. भारी बारिश की आशंका को देखते हुए नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन ने स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता पर रखते हुए विशेष सफाई अभियान का ऐलान किया है. मच्छरों के प्रकोप पर लगाम लगाने के लिए शहर भर में जमीनी स्तर पर काम शुरू हो चुका है.
शुक्रवार से शुरू हुआ एंटी लार्वा अभियान :
नगर निगम की टीमों ने शुक्रवार से ही सभी बड़े-छोटे नालों, पोखरों और जलजमाव वाले स्थानों पर एंटी लार्वा दवा का छिड़काव शुरू कर दिया है. इसका मकसद मच्छरों को पनपने से पहले ही खत्म करना है. नगर आयुक्त ने कहा कि लार्वा स्टेज पर ही मच्छरों को नष्ट कर हम डेंगू-मलेरिया की चेन को तोड़ सकते हैं.
20 जुलाई से मेगा फॉगिंग ड्राइव :
20 जुलाई से पूरे नगर निगम क्षेत्र में व्यापक फॉगिंग अभियान चलाया जाएगा. इसके लिए हर वार्ड का दिनवार रोस्टर तैयार कर लिया गया है. सभी सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अभियान से पहले फॉगिंग मशीन, रसायन और ईंधन समेत सभी जरूरी संसाधन जुटा लें.
‘सफाई में लापरवाही तो होगी कार्रवाई’
नगर आयुक्त ने सफाई शाखा के अधिकारियों-कर्मियों को सख्त लहजे में कहा कि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित माहौल देना निगम की पहली जिम्मेदारी है. अगर किसी भी क्षेत्र में सफाई में लापरवाही मिली तो संबंधित पर कड़ी कार्रवाई होगी. नागरिकों से भी नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि अपने घरों के आसपास पानी जमा न होने दें. कूलर, गमले, टायर और टूटे बर्तनों में पानी इकट्ठा न हो, इसकी जांच करते रहें. स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें ताकि बारिश के मौसम को बीमारी का मौसम बनने से रोका जा सके.









