इस्लामपुर के मुजाहिदपुर में दिल दहलाने वाली वारदात
6 साल की बहन के सामने मासूम आयुष की हत्या
बिहारशरीफ. नालंदा में एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना हुई है. पूरा मामला इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मुजाहिदपुर गांव से जुड़ा है. यहां चार साल के मासूम आयुष कुमार की उसके ही सगे चाचा ने गला दबाकर हत्या कर दी. मृतक नीतिलाल केवट का पुत्र था, जो दो भाई और दो बहनों में दूसरे नंबर पर था. इस संबंध में मृतक की मां रानी देवी की मानें तो शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे जेठ बाली केवट घर में घुसे और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया. इसके बाद आयुष का गला दबा दिया. 6 साल की बेटी ऋषिका ने चिल्लाकर बताया कि चाचा आयुष को अंदर ले गए हैं और उसका मुंह बंद कर दिया है. शोर सुनकर जब रानी देवी पहुंचीं, तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गया.
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ दिया दम :
परिजन बेसुध आयुष को पहले एकंगरसराय और फिर पावापुरी मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बताया जाता है कि आरोपी बाली केवट गया में रहकर मछली बेचता था. हत्या की नीयत से ही वह गांव आया था. वहीं आयुष के पिता लुधियाना में मजदूरी करते हैं और बेटे की मौत की खबर सुनकर गांव के लिए रवाना हो गए हैं.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी :
इधर, इस्लामपुर थानाध्यक्ष रणविजय कुमार ने बताया कि बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है. मां के बयान पर भैसुर के खिलाफ हत्या का आरोप लगा है. आवेदन मिलते ही केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है.









