रोस्टर जारी, एंटी लार्वा स्प्रे भी अनिवार्य
डेंगू प्रभावित इलाकों में अतिरिक्त टीम
बिहारशरीफ (नालंदा)। मौसम बदलते ही मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए बिहारशरीफ नगर निगम अलर्ट मोड में आ गया है। नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन ने कार्यालय आदेश संख्या 1255 जारी कर 20 जुलाई से 31 अगस्त तक विशेष फॉगिंग अभियान चलाने का रोस्टर जारी किया है। इस दौरान नगर निगम क्षेत्र के सभी 51 वार्डों में चरणबद्ध तरीके से फॉगिंग की जाएगी। रोस्टर के अनुसार सोमवार को टीम-1 ने वार्ड-1, टीम-2 ने वार्ड-2 और टीम-3 ने वार्ड-3 में फॉगिंग की। मंगलवार को वार्ड 1 से 3 और 22 जुलाई को वार्ड 4 से 6 में फॉगिंग होगी। यह सिलसिला 31 अगस्त तक चलेगा, जिस दिन वार्ड 49 से 51 को कवर किया जाएगा।
रोज 3 वार्ड, 3 टीमें करेंगी काम :
अभियान के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं। टीम-1 के नोडल कर्मी ओंकार दास, टीम-2 के राजू कुमार और टीम-3 के नीरज कुमार को बनाया गया है। नोडल पदाधिकारी के तौर पर वार्ड 1 से 26 तक कुंदन कुमार और वार्ड 26 से 51 तक विजय कुमार निगरानी करेंगे। प्रत्येक टीम को रोजाना 32 लीटर डीजल और 4 लीटर पेट्रोल उपलब्ध कराया जाएगा।
सख्त निर्देश: लापरवाही पर कार्रवाई
नगर आयुक्त ने सभी टीम लीडरों को ससमय संसाधनों के साथ फॉगिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। वार्ड जमादार अपने क्षेत्र में पर्यवेक्षण करेंगे और दो सफाई कर्मियों को सहयोग में लगाएंगे। सभी वार्डों में दैनिक एंटी लार्वा रसायन का छिड़काव अनिवार्य कर दिया गया है। डेंगू प्रभावित इलाकों में अतिरिक्त टीम बनाकर लगातार फॉगिंग और स्प्रे कराने को कहा गया है। स्वास्थ्य निरीक्षक परमानंद प्रसाद को मानव बल और कोषपाल को ईंधन-रसायन की व्यवस्था का जिम्मा दिया गया है। नगर आयुक्त ने चेताया कि रोस्टर के पालन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।









