कोटा की सीटों के लिए 4 चरणों में काउंसिलिंग
तीसरे राउंड तक मिलेगा सीट अपग्रेड का मौका
बिहारशरीफ. राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा एनइइटी यूजी 2026 में सफल अभ्यर्थियों के लिए एक अच्छी खबर है. मेडिकल काउंसिलिंग कमेटी (एमसीसी) ने 15 प्रतिशत ऑल इंडिया कोटा के तहत एमबीबीएस, बीडीएस एवं बीएससी नर्सिंग सहित अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए काउंसिलिंग का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है. खास बात यह है कि कुल 4 चरणों में काउंसिलिंग की जायेगी. पहले चरण का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन आज 5 अगस्त से शुरू होगा. अभ्यर्थी अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स का विकल्प भरकर लॉक कर सकेंगे. 18 अगस्त से आवंटित कॉलेजों में नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी. इस बार पूरी प्रक्रिया को अधिक डिजिटल और पारदर्शी बनाया गया है. छात्रों और अभिभावकों को कॉलेजों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. पावापुरी मेडिकल कॉलेज में एक सत्र में 120 छात्रों का नामांकन होना है. इस संबंध में पावापुरी मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य प्रो. सर्विल कुमारी ने बताया कि सीट आवंटन के बाद अभ्यर्थियों को फ्रीज और फ्लोट का विकल्प मिलेगा. संतुष्ट होने पर सीट फ्रीज और बेहतर विकल्प की उम्मीद पर फ्लोट किया जा सकेगा. सीट अपग्रेड की सुविधा सिर्फ तीसरे राउंड तक ही मिलेगी. इसके बाद अगर कोई प्रवेश ले लेता है तो वह आगे की काउंसिलिंग में भाग नहीं ले सकेगा.









