कड़क छवि वाले हृदय कांत ATS से आए
साइबर अपराध व बालू माफिया पर लगाम बड़ी चुनौती
बिहारशरीफ (नालंदा)। बिहार सरकार के गृह विभाग ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 2015 बैच के IPS अधिकारी हृदय कांत को नालंदा का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। वहीं नालंदा के निवर्तमान एसपी भारत सोनी को सीवान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हृदय कांतमूल रूप से झारखंड के रहने वाले हृदय कांत ने UPSC में 201वीं रैंक हासिल की थी। इससे पहले वे अररिया और समस्तीपुर के एसपी तथा भागलपुर के एसएसपी रह चुके हैं। फिलहाल वे पटना स्थित आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) में तैनात थे। कड़क कार्यशैली और त्वरित निर्णय के लिए उनकी पहचान है ।नालंदा में उनके सामने साइबर अपराध पर अंकुश, बालू के अवैध कारोबार पर कार्रवाई, अपराधियों पर शिकंजा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती होगी। पुलिस-जनता के बीच समन्वय भी उनकी प्राथमिकता रहेगी।
भारत सोनी का कार्यकाल चुनौतीपूर्ण रहा :
एसपी भारत सोनी के कार्यकाल में मघड़ा मंदिर हादसा, देवीसराय डकैती, राजगीर में मॉब लिंचिंग और हरनौत में दारोगा की आत्महत्या जैसी घटनाएं हुईं। इसके बावजूद SIT बनाकर देवीसराय के आरोपियों की गिरफ्तारी और बड़ी संख्या में वारंटियों की गिरफ्तारी जैसी उपलब्धियां भी रहीं। सरकार ने अब सीवान की चुनौतीपूर्ण स्थिति के लिए भारत सोनी पर बड़ा भरोसा जताया है।









