–नगर निगम ने बनाया आरआरआर सेंटर
–दान की चीजें जरूरतमंद ले जाएंगे : नगर आयुक्त
बिहारशरीफ. भारत सरकार के ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत बिहारशरीफ नगर निगम ने वेस्ट मैनेजमेंट को बढ़ावा देने के लिए एक अनोखी पहल की शुरुआत की है. निगम ने आरआरआर केंद्र (रिड्यूस, रीयूज और रीसायकल व कम करो, पुनः उपयोग करो और पुनर्चक्रण केंद्र) के रूप में “नेकी की दीवार की स्थापना की है. इस संबंध में नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस केंद्र पर नागरिक अपने घरों में पड़े अतिरिक्त और उपयोग में न आने वाले सामान को दान कर सकते हैं, जबकि जरूरतमंद लोग अपनी जरूरत के अनुसार वहां से सामान निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं. आरआरआर केंद्र एक वन-स्टॉप कलेक्शन सेंटर है, जहां लोग पुराने कपड़े, जूते, किताबें, खिलौने, ई-वेस्ट और प्लास्टिक की वस्तुएं जमा कर सकते हैं. यह स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत शुरू की गई महत्वपूर्ण पहल है, जिसका मुख्य उद्देश्य कचरे को कम करना और पर्यावरण की रक्षा करना है. इस केंद्र पर अच्छी स्थिति वाले सामानों को जरूरतमंद गरीब परिवारों और बच्चों तक पहुंचाया जाएगा, जबकि खराब और उपयोग के लायक न रहे सामानों को रीसाइकिल के लिए भेजा जाएगा ताकि उनसे नए उत्पाद बनाए जा सकें. इस पहल से लैंडफिल साइट पर कचरे का दबाव कम होगा, गरीबों को मदद मिलेगी और लोगों में टिकाऊ जीवनशैली व स्वच्छता की भावना विकसित होगी.









